सियोल2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
ट्रम्प-जिनपिंग के बीच साउथ कोरिया के बुसान में मुलाकात हुई।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के बीच साउथ कोरिया के बुसान में एयरपोर्ट पर हुई बैठक में ट्रेड डील पूरी हो गई है। हालांकि अभी इस पर दस्तखत होना बाकी है।
ट्रम्प ने यह जानकारी साउथ कोरिया से अमेरिका जाते वक्त प्लेन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने यह भी बताया कि चीन पर 10% टैरिफ कम कर दिया गया है। बदले में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका से बड़ी मात्रा में सोयाबीन खरीदने पर तैयार हुए हैं। ट्रम्प ने कहा-
मैंने चीन पर फेंटेनाइल के कारण 20% का टैरिफ लगाया था, जो काफी ज्यादा था। लेकिन मैंने इसे अब 10% कम कर दिया है। यह तुरंत लागू होगा।
दोनों के बीच गुरुवार को साउथ कोरिया के बुसान में 100 मिनट तक बैठक चली। बिजी शेड्यूल होने की वजह से यह मुलाकात बुसान एयरपोर्ट पर हुई।
6 साल बाद मिले ट्रम्प और जिनपिंग
ट्रम्प और जिनपिंग 6 साल बाद मिले। इससे पहले आखिरी बार 2019 में दोनों के बीच बैठक हुई थी। गुरुवार को हुई बैठक से पहले ट्रम्प ने कहा कि आज ही चीन के साथ ट्रेड डील साइन हो सकती है।
मुलाकात के दौरान ट्रम्प-जिनपिंग ने हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया। बैठक के दौरान ट्रम्प ने कहा कि उनकी मुलाकात बहुत कामयाब होगी, इसमें उन्हें कोई शक नहीं है।
उन्होंने आगे कहा,
शी (चीनी राष्ट्रपति) बहुत सख्त वार्ताकार हैं, ये अच्छी बात नहीं है। हम एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं।
ट्रम्प-जिनपिंग की मुलाकात से जुड़ीं 4 तस्वीरें…
ट्रम्प ने शी की तारीफ करते हुए उन्हें सम्मानित और एक महान देश का महान नेता बताया।
मीटिंग खत्म होने के बाद शी जिनपिंग से धीमी आवाज में बातचीत करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प।
ट्रम्प ने बुसान के गिम्हे एयरबेस पर चीनी राष्ट्रपति का स्वागत किया। यहीं दोनों के बीच मुलाकात हुई।
ट्रम्प से मुलाकात के लिए जिनपिंग बुसान के गिम्हे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे।
ट्रम्प-जिनपिंग की बैठक से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
07:47 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- चीन पर अब 57% की जगह 47% टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को घोषणा की कि चीन से आने वाले सामान पर लगने वाला कुल औसत टैरिफ 57% से घटाकर 47% कर दिया गया है।
अमेरिका ने अब तक चीन पर कई बार टैरिफ लगाए हैं। इनमें ट्रम्प के पिछले कार्यकाल में स्टील पर लगा 19% टैरिफ, अप्रैल 2025 में 10% बेसलाइन टैरिफ, फेंटेनाइल की वजह से लगा 20% टैरिफ और अन्य टैरिफ भी शामिल है।
इससे औसतन चीन पर 55% टैरिफ लग रहा था। जो अगस्त 2025 में औसतन 57% तक पहुंच गया था। हालांकि अब औसतन 47% टैरिफ लगेगा।
06:57 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
जिनपिंग बोले- किसी देश को चुनौती देने की कोशिश नहीं की
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि चीन की आर्थिक वृद्धि से चीन और अमेरिका के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी। यह जानकारी चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के हवाले से सामने आई है।
जिनपिंग ने कहा,
हमने कभी किसी देश को चुनौती देने या उसकी जगह लेने की कोशिश नहीं की। हमने हमेशा अपना काम बेहतर करने और दुनिया के देशों के साथ विकास के अवसर साझा करने पर ध्यान दिया है। यही चीन की सफलता की कुंजी रही है।
उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका को क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सकारात्मक बातचीत जारी रखनी चाहिए और मिलकर ऐसे कदम उठाने चाहिए जो दोनों देशों और पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद हों।
जिनपिंग ने यह भी कहा कि अगले साल जब चीन APEC बैठक की और अमेरिका G20 सम्मेलन की मेजबानी करेगा, तब दोनों देशों को एक-दूसरे का समर्थन करना चाहिए और मिलकर काम करना चाहिए।
06:43 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
जिनपिंग बोले- दोनों देश बदले की कार्रवाई से बचें
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि अमेरिका और चीन को आपसी सहयोग से मिलने वाले लंबे समय के लाभों पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि दोनों देशों को “बदले की कार्रवाई के दुष्चक्र” में फंसने से बचना चाहिए।
यह बयान चीन की सरकारी मीडिया शिन्हुआ ने ट्रम्प-शी वार्ता के बाद जारी रिपोर्ट में दिया।
06:25 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- चिप्स की बिक्री, चीन और Nvidia के बीच की बात
ट्रम्प ने कहा कि उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बातचीत के बाद अब चीन और अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी Nvidia के बीच आगे बात होगी।
ट्रम्प ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा,
“हमने चिप्स पर बात की है। अब चीन Nvidia और अन्य कंपनियों से चिप्स खरीदने पर बातचीत करेगा। व्हाइट हाउस सिर्फ एक मध्यस्थ या रेफरी की भूमिका में है।”
हालांकि ट्रम्प के मुताबिक इस बातचीत में Nvidia के Blackwell चिप्स पर बात नहीं होगी। Blackwell, Nvidia का सबसे एडवांस्ड AI प्रोसेसर है। अमेरिका ने इसे बेचने पर रोक लगाई है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि कौन-से चिप्स चीन को भेजने की अनुमति मिलेगी।
06:05 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- चीन अमेरिका में निवेश बढ़ाएगा
ट्रम्प ने प्लेन में मीडिया से कहा कि चीन अमेरिका में निवेश बढ़ाने के लिए तैयार है। ट्रम्प के मुताबिक चीनी अधिकारी अमेरिका के ऑटो मोबाइल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे सेक्टर्स में भारी निवेश से काफी प्रभावित हैं।
05:55 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
चीन के इंटरनेट पर ट्रम्प-शी की मुलाकात बनी टॉप ट्रेंड
ट्रम्प और जिनपिंग की मुलाकात को चीन में लाखों लोग ऑनलाइन देख रहे थे। यह मुलाकात चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘वीबो’ पर सबसे ज्यादा ट्रेंड करने लगी और इसे करीब 25 करोड़ बार देखा गया।
बीते कुछ महीनों में अमेरिका और चीन ने एक-दूसरे के खिलाफ लगातार बढ़ते टैरिफ लगाए थे, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और दोनों देशों के कारोबार प्रभावित हुए। इसलिए दुनियाभर की नजर इस बात पर थी कि क्या दोनों नेता रिश्तों में स्थिरता लाने की दिशा में कोई बड़ा कदम उठाएंगे।
हालांकि बैठक के बाद दोनों नेताओं ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया और न ही किसी पक्ष ने बैठक का औपचारिक लेटर जारी किया। लेकिन ट्रम्प ने एयर फोर्स वन पर पत्रकारों से कहा कि एक ट्रेड डील हो गई है, जिसकी साइनिंग जल्द हो सकती है।
05:43 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने परमाणु परीक्षण के आदेश को सही ठहराया
ट्रम्प ने 3 दशक बाद अमेरिका के फिर से परमाणु हथियार का परीक्षण के आदेश को सही ठहराया। उन्होंने कहा, “रूस और चीन दोनों ऐसा कर रहे हैं। हमारे पास सबसे ज्यादा परमाणु हथियार हैं, लेकिन हम नहीं करते… लेकिन बाकी देश टेस्टिंग कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हमें भी ऐसा करना चाहिए।”
उन्होंने यह नहीं बताया कि अमेरिका अपने परमाणु परीक्षण कब और कहां करेगा, बस इतना कहा, “हमारे पास टेस्टिंग साइट्स हैं, इसकी घोषणा जल्द की जाएगी।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि इससे दुनिया एक और अधिक खतरनाक परमाणु माहौल में जा सकती है, तो ट्रम्प ने जवाब दिया, “मुझे लगता है हमने इसे काफी हद तक नियंत्रण में रखा है।”
ट्रम्प ने आगे कहा, “मैं परमाणु निरस्त्रीकरण देखना चाहूंगा। हम इस बारे में रूस से बात कर रहे हैं, और अगर कुछ होता है तो चीन को भी इसमें शामिल किया जाएगा।”
अमेरिकी कांग्रेस की रिसर्च सर्विस की एक अगस्त रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति के आदेश देने के बाद अमेरिका को परमाणु हथियार का परीक्षण करने में लगभग 24 से 36 महीने लगेंगे।
05:35 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने जिनपिंग से यूक्रेन जंग पर बात की
ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने जिनपिंग से रूस-यूक्रेन युद्ध पर काफी गंभीरता से चर्चा की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि वे मिलकर कोशिश करेंगे ताकि यह युद्ध खत्म हो सके।
ट्रम्प ने कहा- “हम दोनों मानते हैं कि दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़े हुए हैं और कभी-कभी आपको उन्हें लड़ने देना पड़ता है। लेकिन जिनपिंग इसमें हमारी मदद करेंगे और हम यूक्रेन के मसले पर साथ काम करेंगे। अब इससे ज्यादा हम कुछ नहीं कर सकते।”
05:25 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
अगले साल अप्रैल में चीन जाएंगे ट्रम्प
ट्रम्प ने बताया कि वे अप्रैल 2026 में चीन का दौरा करेंगे। इसके बाद शी जिनपिग भी अमेरिका आएंगे।
ट्रम्प ने एयर फोर्स वन विमान में पत्रकारों से कहा,
मैं अप्रैल में चीन जाऊंगा और इसके बाद शी जिनपिंग यहां आएंगे। यह मुलाकात फ्लोरिडा, पाम बीच या वॉशिंगटन डीसी कहीं भी हो सकती है।
05:22 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- रेयर अर्थ मटेरियल विवाद भी सुलझा
ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका और चीन के बीच रेयर अर्थ मटेरियल से जुड़ा विवाद अब सुलझ गया है, हालांकि उन्होंने इस समझौते के बारे में विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी।
ट्रम्प ने कहा-
रेयर अर्थ मटेरियल्स से जुड़ी समस्या ठीक हो गई है। यह सिर्फ अमेरिका नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए बड़ा मुद्दा था। अब चीन की तरफ से कोई रुकावट नहीं रही।
गौरतलब है कि रेयर अर्थ मटेरियल्स यानी वे खनिज जो इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, बैटरी, सोलर पैनल और रक्षा तकनीक में इस्तेमाल होते हैं, लंबे समय से अमेरिका-चीन व्यापार विवाद के केंद्र में रहे हैं।
चीन दुनिया में इन पर लगभग एकाधिकार रखता है, और हाल के हफ्तों में उसने इन पर निर्यात नियंत्रण और सख्त निगरानी बढ़ा दी थी।
तस्वीर चीन के जियांग्शी प्रांत में रेयर अर्थ मिनरल की खदान में काम करने वाले मजदूर की है।
05:20 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- किम जोंग से मिलने दोबारा आ सकता हूं
ट्रम्प ने कहा कि फिलहाल उनकी यात्रा का कार्यक्रम बहुत व्यस्त है, इसलिए वह इस बार किम जोंग उन से नहीं मिल पाएं। लेकिन वह उनसे मिलने के दोबारा आ सकते हैं।
ट्रम्प ने कहा,
किम जोंग उन के साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे रहे हैं। मेरा मानना है कि अगर मैं राष्ट्रपति नहीं बनता, तो हालात बहुत अलग होते। शायद युद्ध छिड़ जाता।
गौरतलब है कि ट्रम्प के 29 अक्टूबर को दक्षिण कोरिया पहुंचने से कुछ ही घंटे पहले, उत्तर कोरिया ने जमीन से हवा में मार करने वाली क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया था, जिससे क्षेत्र में तनाव एक बार फिर बढ़ गया।
05:12 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- जिनपिंग से मुलाकात सफल रही
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई अपनी मुलाकात की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी है, और उन्होंने शी जिनपिंग को ‘एक महान नेता’ बताया। ट्रम्प ने कहा- अगर इस बैठक को 0 से 10 के पैमाने पर आंका जाए और 10 सबसे अच्छा माना जाए, तो मैं इसे 12 दूंगा।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच रिश्ता बहुत अहम है।
05:11 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड डील पूरी, जल्द साइन होंगे
ट्रम्प ने बताया कि उनकी जिनपिंग के साथ बातचीत सफल रही। दोनों देशों के बीच एक व्यापार समझौता हो गया है, जिस पर जल्द ही साइन किए जा सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस समझौते के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।
यह समझौता कब तक हो सकता है, तो उन्होंने जवाब दिया कि अब कोई बड़ी रुकावट नहीं बची है। जल्द ही समझौते पर दस्तखते होंगे।
उन्होंने बताया कि यह एक साल का समझौता है, जिसे हर साल बढ़ाया जाएगा।
04:50 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने चीन पर फेंटानाइल से जुड़ा 10% टैरिफ कम किया
ट्रम्प ने कहा है कि चीन पर लगाए गए फेंटानाइल से जुड़े टैरिफ को 20% से घटाकर 10% किया जा रहा है। यह फैसला उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बातचीत के बाद लिया गया।
ट्रम्प ने दक्षिण कोरिया से रवाना होने के बाद एयर फोर्स वन विमान में पत्रकारों से कहा,
“जैसा कि आप जानते हैं, फेंटानिल की वजह से मैंने चीन पर 20% का टैरिफ लगाया था। यह बहुत बड़ा टैरिफ था। अब मैंने इसे 10% कर दिया है, जो तुरंत लागू होगा।”
ट्रम्प ने यह भी कहा कि उन्हें विश्वास है कि शी जिनपिंग अमेरिका में फेंटानिल की वजह से हो रही मौतों को रोकने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।
04:48 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- चीन बड़ी मात्रा में सोयाबीन खरीदेगा
ट्रम्प ने कहा कि साउथ कोरिया में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई अहम बातचीत में कई बड़े मुद्दों पर सहमति बनी है। इनमें सबसे सोयाबीन की खरीद अहम है।
ट्रम्प ने बताया कि चीन बड़ी मात्रा में सोयाबीन और दूसरे अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद तुरंत शुरू करेगा। उन्होंने यह बयान गुरुवार को बुसान से रवाना होने के बाद एयर फोर्स वन विमान पर मीडिया से बात करते हुए दिया।
गौरतलब है कि ट्रम्प द्वारा लगाए गए टैरिफ के कारण चीन ने मई में अमेरिकी सोयाबीन खरीदना बंद कर दिया था। इसके चलते अमेरिका के किसानों के पास अरबों डॉलर की बेच न पाई फसलें पड़ी थीं और कई किसान ट्रम्प की नीतियों पर सवाल उठाने लगे थे।
04:29 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
पहले की तुलना में कम देर चली मीटिंग
ट्रम्प-जिनपिंग के बीच 100 मिनट बातचीत हुई। यह पहले हुईं मीटिंग्स की तुलना में कम रही। आम तौर पर दोनों देशों के नेताओं की पिछली मुलाकातें, जो बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों जैसे APEC और G20 के दौरान हुई थीं, दो घंटे से ज्यादा चली थीं। कुछ तो चार घंटे तक भी चली थीं।
04:22 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प अमेरिका लौटने के लिए विमान में सवार
एशिया दौरा पूरा करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अब अपने देश लौट रहे हैं। बुसान में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक के बाद ट्रम्प एयर फोर्स वन में सवार होकर अमेरिका के लिए रवाना हो गए।
अब उनके अमेरिका पहुंचने पर आधिकारिक बयानों और समझौतों के आगे के असर पर सबकी नजर है।
04:17 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने साउथ कोरियाई अधिकारियों को अलविदा कहा
बुसान में शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अब वापस वॉशिंगटन लौट रहे हैं। उड़ान भरने से पहले ट्रम्प ने साउथ कोरिया के अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें अलविदा कहा।
04:06 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
दोनों तरफ से 7-7 लोग बैठक में शामिल हुए
अमेरिका की ओर से ट्रम्प अपने साथ विदेश मंत्री मार्को रुबियो, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर, वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट, वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक , चीफ ऑफ स्टाफ सूजी विल्स और चीन में अमेरिकी राजदूत डेविड पर्ड्यू को लेकर पहुंचे थे।
वहीं, चीन से शी के साथ चीफ ऑफ स्टाफ कै क्यू , विदेश मंत्री वांग यी, उप विदेश मंत्री मा झाओक्सू , उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग, वाणिज्य मंत्री वांग वेंटाओ और राष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग के अध्यक्ष झेंग शांजी थे।
03:58 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प-शी की 100 मिनट की बैठक खत्म
चीनी सरकारी टीवी चैनल CCTV के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई अहम बैठक खत्म हो गई है। यह मुलाकात करीब 1 घंटे 40 मिनट (लगभग 100 मिनट) तक चली।
अब दोनों देशों की ओर से इस बैठक को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है। दोनों नेता मीटिंग रूम से बाहर आ गए हैं।
03:57 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
बैठक के दौरान चीनी शेयर बाजार 10 साल के हाई स्तर पर
जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात शुरू होते ही चीन के शेयर बाजारों में बड़ी तेजी देखने को मिली।
चीन के मुख्य शेयर बाजार शंघाई कंपोजिट इंडेक्स ने शुरुआती गिरावट से उभरते हुए 0.2% बढ़कर 4,025.70 का आंकड़ा छू लिया। यह 2015 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।
अमेरिकी-चीनी व्यापार तनाव कम होने की उम्मीदों ने बाजार को मजबूती दी। बैंक, बीमा और शराब कंपनियों के शेयर सबसे ज्यादा चढ़े, हालांकि बाजार में सतर्कता बनी रही।
हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स भी 0.6% बढ़ा, बुधवार की छुट्टी के बाद ट्रेडिंग शुरू होने पर बढ़त दर्ज की। कुल मिलाकर, बातचीत की शुरुआत ने निवेशकों में थोड़ी उम्मीद जगाई है, लेकिन असली नतीजे का सभी को इंतजार है।
03:46 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प और शी की मुलाकात एयरपोर्ट पर क्यों हो रही है?
ट्रम्प और जिनपिंग की मुलाकात साउथ कोरिया के बुसान शहर के गिम्हे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हो रही है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी वजह शेड्यूल है।
अमेरिका और चीन के अधिकारियों ने इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग की योजना मिलकर बनाई थी, ताकि सुरक्षा और समय दोनों को देखते हुए मुलाकात आराम से हो सके।
शुरू में ट्रम्प एक दिन पहले ही एशिया छोड़ने वाले थे और उसी दिन शी से मुलाकात की तैयारी थी। लेकिन तब मीटिंग शाम में जल्दी-जल्दी करनी पड़ती। इसलिए अधिकारियों ने फैसला किया कि अगले दिन सुबह मुलाकात करना दोनों नेताओं के लिए बेहतर होगा।
इस तरह समय और कार्यक्रमों के टकराव से बचने के लिए यह बैठक एयरपोर्ट पर तय की गई।
03:36 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
बैठक में जिनपिंग ने ट्रम्प की तारीफ की
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बैठक में ट्रम्प के जंग रोकने और शांति प्रयासों की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि भले ही चीन और अमेरिका कई मुद्दों पर हमेशा एक जैसी राय नहीं रखते, लेकिन दोनों देशों के बीच बातचीत और साथ मिलकर आगे बढ़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों को सही दिशा में चलते रहना चाहिए, ताकि चीन-अमेरिका संबंध स्थिरता के साथ आगे बढ़े। शी ने यह भी कहा कि चीन का विकास ट्रम्प की ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ की सोच के साथ चलता है।
उन्होंने कहा,
मैं कई बार कह चुका हूं कि चीन और अमेरिका को दोस्त और साझेदार होना चाहिए। यह इतिहास भी साबित करता है और आज की जरूरत भी यही है।
दोनों नेताओं के बीच टैरिफ, रेयर अर्थ मटेरियल, फेंटेनाइल, सोयाबीन, ताइवान और टिकटॉक जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
03:36 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
चीन से व्यापार समझौता करना चाहते हैं ट्रम्प
ट्रम्प चीन के साथ व्यापार समझौता करना चाहते हैं। इस समझौते में अमेरिकी सोयाबीन की खरीद और रेयर खनिजों पर प्रतिबंध हटाने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
अमेरिका ने फरवरी 2025 में 10% टैरिफ लगाया था, जो अप्रैल तक 145% हो गया। फिलहाल चीन पर अमेरिका ने 30% टैरिफ लगाया है। ट्रम्प को लगता है कि यह डील उनकी “महान डीलमेकर” की छवि को और मजबूत करेगी।
यह बातचीत तब हुई जब ट्रम्प ने 1 नवंबर से चीनी सामानों पर 100% टैक्स लगाने और अन्य व्यापार नियम कड़े करने की धमकी दी थी। यह धमकी चीन की तरफ से कुछ खास खनिजों और मैग्नेट के निर्यात पर रोक लगाने के बाद आई थी।
03:35 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प यूक्रेन जंग रोकने के लिए जिनपिंग की मदद चाहते हैं
इसके अलावा, ट्रम्प रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए चीन की मदद चाहते हैं। पिछले हफ्ते ट्रम्प ने रूस की दो बड़ी तेल कंपनियों पर पाबंदी लगाई, जिसका चीन ने विरोध किया।
ट्रम्प ने कहा कि शी जिनपिंग के साथ रूसी तेल खरीद पर भी बात होगी। उन्होंने दावा किया कि चीन रूस से तेल खरीद “बहुत कम” कर रहा है।
ताइवान भी मुलाकात एजेंडे में रहेगा। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, लेकिन अमेरिका ताइवान को हथियार देता है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को कहा कि ताइवान को छोड़ना व्यापार सौदे का हिस्सा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ताइवान को अपनी स्थिति को लेकर चिंता है और यह जायज है।
03:35 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
अमेरिका को चीन के रेयर खनिज की जरूरत
अमेरिका को अपने डिफेंस इंडस्ट्री के लिए रेयर खनिज की जरूरत है। ये खनिज चीन से आते हैं। चीन दुनिया के 90% से अधिक रेयर अर्थ मटेरियल की रिफाइनिंग और प्रोसेसिंग करता है। अमेरिका की 70% सप्लाई भी उसी पर निर्भर है।
इन खनिजों से मजबूत मैग्नेट बनते हैं। ये मैग्नेट मिसाइलों, फाइटर जेट्स, टैंकों और तोपों में लगते हैं। इलेक्ट्रिक गाड़ियां भी इन्हीं से चलती हैं। चीन ने अब तक 12 रेयर अर्थ मेटल के निर्यात पर रोक लगाई है। इससे अमेरिका और यूरोप की मिलिट्री पर असर पड़ा है।
03:35 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
चीन पर टैरिफ के ऐलान से अमेरिकी शेयर मार्केट गिरा था
राष्ट्रपति ट्रम्प ने जब चीन से आने वाले सामान पर 100% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान किया था, उसके बाद अमेरिकी शेयर बाजार में अप्रैल के बाद सबसे बड़ी गिरावट आई थी।
सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल से अब तक अमेरिका के कारखानों में 42,000 लोग अपनी नौकरी गंवा चुके हैं। प्रोडक्शन स्पीड गिर चुकी है, क्योंकि कच्चा माल महंगा हो गया। कर्मचारियों की तनख्वाह भी पहले जितनी तेजी से नहीं बढ़ रही।
ट्रम्प का कहना है कि यह कदम अमेरिकी कंपनियों को मजबूत बनाएगा। लेकिन कई लोग इसे गलत नीति मानते हैं। उनका कहना है कि इससे महंगाई बढ़ेगी और आम लोगों का खर्च कम हो जाएगा।
03:34 AM30 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ये खबर भी पढ़ें….
ट्रम्प ने परमाणु हथियारों के परीक्षण का आदेश दिया:कहा- रूस और चीन के बराबर टेस्टिंग हो; पुतिन न्यूक्लियर पावर्ड मिसाइल टेस्ट कर चुके
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) को परमाणु हथियारों की तुरंत टेस्टिंग शुरू करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह टेस्टिंग चीन और रूस के बराबर स्तर पर होनी चाहिए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

